बुर्का पहन मंगेतर से मिलने पहुंचा शख्स, लोगों को हुआ शक और फिर...

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन से अनोखी घटना सामने आई है, यहाँ एक व्यक्ति अपनी मंगेतर के बुलाने पर उससे मिलने पहुंचा, मगर पहचान छिपाने के प्रयास में उसे लोगों की पिटाई का सामना करना पड़ा। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। चिमनगंज थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ गलत पहचान बताने के आरोप में धारा 319 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि ताजपुर निवासी वाहिद खान की सगाई कुछ महीने पहले अहमदनगर की एक लड़की से हुई थी। सगाई के पश्चात् से दोनों की मुलाकात नहीं हो पाई थी। जब मंगेतर ने वाहिद को मिलने के लिए बुलाया, तो वह उज्जैन पहुंच गया। मंगेतर के घर जाते वक़्त उसने अपनी पहचान छुपाने के लिए बुर्का पहन लिया, मगर यह चालाकी उस पर भारी पड़ गई। आगर रोड पर कुछ दूर चलने के पश्चात् वाहिद ने बुर्का पहना और अहमदनगर की ओर बढ़ने लगा। उसकी चाल-ढाल देखकर स्थानीय लोगों को शक हुआ। तेज गति से चलते हुए देखकर कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और पूछताछ करने लगे। वाहिद ने भागने का प्रयास किया, जिससे लोगों का शक और बढ़ गया। उन्होंने उसे पकड़ लिया तथा बुर्का हटाने पर यह जानकर चौंक गए कि वह एक पुरुष था। लोगों ने पहले उसे धोखेबाज समझकर उसकी पिटाई कर दी तथा फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस शुरू में स्थिति को समझ नहीं पाई कि एक युवक बुर्का पहनकर क्यों चल रहा था। बाद में पूछताछ करने पर वाहिद ने बताया कि वह अपनी मंगेतर के बुलाने पर आया था तथा अपनी पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहना था, जिससे मंगेतर के परिवार वाले उसे पहचान न सकें। हालांकि, बुर्का पहनकर ससुराल पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर थाने पहुंचा दिया। युवक की चाल-ढाल देखकर लोगों को पहले ही शक हो गया था कि बुर्के में कोई महिला नहीं, बल्कि पुरुष है, जो शायद कुछ गलत करने का प्रयास कर रहा था। यही कारण था कि लोगों ने उसकी पहचान उजागर की और नाराज होकर उसे पुलिस को सौंप दिया।

अब झारखंड में बदमाशों ने उड़ाया रेलवे ट्रैक, टला बड़ा हादसा

'देश के पिता नहीं देश के तो लाल होते हैं', कंगना के बयान ने मचाया-बवाल

MP में PM मोदी ने किया Bio-CNG प्लांट वाली 'गौशाला' का उद्घाटन

Related News