'आँखों में चाक़ू घोंपे, जिंदगी भर के लिए अँधा बना दिया...औरतों को केवल माँस का टुकड़ा समझते हैं तालिबानी'

नई दिल्ली: अफगानिस्तान में आतंकी संगठन तालिबान के कब्जे के बाद कई लोगों के पुराने जख्म ताज़ा हो गए हैं। इसी सूची में एक नाम अफगानी महिला खटेरा (khatera) का भी जुड़ गया है। वर्तमान में दिल्ली में रहने वाली अफगानी महिला खटेरा कहती हैं कि ये तालिबानी महिला के शरीर को कुत्तों को खिलाते हैं। एक मीडिया चैनल से बात करते हुए खटेरा ने कहा है कि, 'तालिबान की नजर में, महिलाएँ जीवित व्यक्ति नहीं हैं और न ही वह मनुष्यों की तरह साँस ले रही हैं। उनके लिए महिलाएँ केवल माँस का टुकड़ा हैं, जिसे हमेशा पीटा जाना चाहिए।” बता दें कि 33 वर्षीय खटेरा को गत वर्ष तालिबानी आतंकियों ने आँख में चाकू मार कर हमेशा के लिए अंधा बना दिया था। उनका कसूर केवल यह था कि वो घर से निकल कर जॉब करने जाती थीं।

तालिबानियों को उनकी यही आत्मनिर्भरता पसंद नहीं आई और एक दिन उनके कार्यालय से घर लौटते हुए उन पर हमला बोल दिया। पूरी घटना अफगानिस्तान के गजनी प्रांत में हुई थी। खटेरा ने घटना से कुछ दिनों पहले क्राइम ब्रांच में एक अधिकारी के रूप में काम करना शुरू किया था। एक दिन पुलिस थाने से काम पूरा करके वह घर वापस आ रही थीं कि तभी तालिबानियों ने उन्हें पकड़ा और उनपर गोली चला दी। इसके बाद उनकी आँख में चाकू घोपे गए। जब खटेरा को होश आया तो वह अस्पताल में थीं। उन्होंने होश आने पर डॉक्टरों से पूछा कि वह देख क्यों नहीं पा रहीं हैं ? इस पर डॉक्टर्स ने जवाब दिया कि आँख में चोट लगने के चलते बैंडेज लगी हुई है इसलिए वह देख नहीं पा रही हैं। हालाँकि, खटेरा को पता चल चुका था कि उनकी आँखें निकाल ली गई हैं। 

खटेरा ने अपने साथ हुई बर्बरता के लिए तालिबानी आतंकियों के साथ ही उनके पिता को भी जिम्मेदार बताया था। उनका कहना था कि उनके पिता ने ही तालिबानियों को उनकी ID कार्ड की कॉपी दी थी ताकि यह साबित कर सकें कि वो पुलिस में नौकरी करती हैं। जिस दिन हमला हुआ उस दिन भी खटेरा के पिता उसे लगातार फोन कर रहे थे और उससे उसकी लोकेशन पता कर रहे थे। गजनी पुलिस ने भी यह माना था कि इस हमले के पीछे तालिबानी आतंकियों का ही हाथ था। उन्होंने खटेरा के पिता को हिरासत में भी लिया। हालाँकि, तालिबान प्रवक्ता ने कहा कि उनके संगठन को पूरे मामले का पता था, मगर उनका इसमें कोई हाथ नहीं है क्योंकि यह पारिवारिक मामला था।

लगातार दूसरे दिन गिरे डीजल के दाम, जानिए पेट्रोल का आज का दाम

NCB की रडार पर है सबसे बड़ा ड्रग तस्कर मूसा, बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को करता है ड्रग सप्लाई!

मुंबई: खत्म हुआ वैक्सीन का स्टॉक, गुरुवार-शुक्रवार नहीं लगेगी वैक्सीन

Related News