चोरी से चीनी जहाज ने जापान के जलक्षेत्र में किया प्रवेश

टोक्यो : चीन का एक निरीक्षक जहाज चोरी-छुपे जापान के जलक्षेत्र में घुस गया। चीन द्वारा यह घुसपैठ तब की गई जब भारत, अमेरिका और जापान का संयुक्त सैन्य अभ्यास चल रहा था। एक जापानी अधिकारी ने बताया कि चीनी जहाज उस अमेरिकी विमान वाहक पोत, जॉन सी. स्टेनिस के पास आ गया जिसके पास सैन्य अभ्यास चल रहा था।

सैन्य अभ्यास ऐसे वक्त पर हो रहा है, जब जापान और अमेरिका इस बात से चिंतित है कि चीन दक्षिणी चीन सागर में अपने जहाजों को आगे कर पश्चिम प्रशांत क्षेत्र में अपना प्रभुत्व बढ़ाने की कोशिश में है। इस सैन्य अभ्यास में 10,000 टन के स्टेनिस को भी शामिल किया गया है।

यह जहाज 18 लड़ाकू विमानों को ले जाने में सक्षम है। पहले से यहां 9 जहाज मौजूद है, जिसमें भारत और जापान के जहाज भी शामिल है। निगरानी के लिए जापान के जहाजों को भी तैनात किया गया है।

बता दें कि पिछले सप्ताह जापान ने चीन के राजदूत को तलब कर चीन के एक नौसैनिक जहाज के पूर्वी चीन सागर के जापान के दावे वाले जलक्षेत्र में घुस आने को लेकर चिंता जताई थी. चीन के इस कदम से इस विवादित क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया था।

Related News