'JMM भी कांग्रेस और RJD के रंग में रंगी', हजारीबाग में बोले PM मोदी

हजारीबाग: पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को झारखंड के हजारीबाग में एक विशाल परिवर्तन महासभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देशभर में आदिवासी समुदाय की पहचान को ही मिटा दिया तथा कभी भी आदिवासी समाज को महत्व नहीं दिया। मोदी ने कहा कि उनका झारखंड से विशेष संबंध है, जो उन्हें बार-बार यहां बुलाता है तथा वे हर बार यहां आने के लिए तत्पर रहते हैं।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस ने एक परिवार की पहचान बनाने के लिए देश के कोने-कोने में बसे आदिवासी परिवारों की पहचान को समाप्त कर दिया। स्वतंत्रता के संघर्ष में अहम भूमिका निभाने के बावजूद, कांग्रेस ने आदिवासी समाज को कभी उचित स्थान नहीं दिया।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हर योजना, सड़क और इमारत को सिर्फ एक परिवार के सदस्यों के नाम पर समर्पित कर दिया, जिससे देश को काफी नुकसान हुआ है। पीएम ने झारखंड के विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया और कहा कि केंद्र झारखंड के विकास के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा है। उन्होंने झारखंड सरकार पर राज्य के विकास को बाधित करने का आरोप लगाया तथा कहा कि कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के गठबंधन की वजह से राज्य पिछड़ रहा है। मोदी ने कहा कि झारखंड का विकास तभी संभव होगा, जब यहां परिवर्तन होगा और वर्तमान सरकार को हटाया जाएगा।

राजद पर हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी ने झारखंड को अपनी लूट का अड्डा बना लिया था तथा जल-जंगल-जमीन की खुलेआम लूट होती थी। इस क्षेत्र को अपराधियों एवं माफियाओं का सुरक्षित स्थान बना दिया गया था तथा कांग्रेस पार्टी राजद को दिल्ली से शह दे रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि अब जेएमएम भी कांग्रेस एवं राजद के प्रभाव में आ गई है। यह पुरानी जेएमएम नहीं रही, बल्कि कांग्रेस के इकोसिस्टम ने इसे नियंत्रित कर लिया है। JMM एवं कांग्रेस झारखंड में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। पीएम ने झारखंड की जनजातीय संस्कृति की प्रशंसा की तथा भगवान बिरसा मुंडा की प्रेरणा को संजोने की बात की। उन्होंने गांधी जयंती पर हजारीबाग आने का अवसर मिलने पर खुशी जताई एवं महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड एवं भाजपा के बीच एक खास रिश्ता है, जो दिल से जुड़ा हुआ है। यही वजह है कि झारखंड उन्हें बार-बार बुलाता है और वे हर बार यहां आने के लिए तैयार रहते हैं।

बुर्का पहन मंगेतर से मिलने पहुंचा शख्स, लोगों को हुआ शक और फिर...

अब झारखंड में बदमाशों ने उड़ाया रेलवे ट्रैक, टला बड़ा हादसा

'देश के पिता नहीं देश के तो लाल होते हैं', कंगना के बयान ने मचाया-बवाल

Related News