आवासीय परिसर में युवक की हत्या, रूम मेट पर संदेह

गुड़गांव : दिल्ली से सटे गुड़गांव में एक आवासीय परिसर में एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक की हत्या का आरोप उसके रूम मेट पर लगाया जा रहा है। दरअसल युवक नसीब सिंह लाठर 35 वर्ष गुड़गांव के सेक्टर 46 में जल विहार आवास परिसर में रहता था। पेशे से वह इंजीनियर था। इस मकान में उसके साथ उसका रूम मेट रवींद्र कुमार भी रहा करता था। आरोपी रवींद्र कुमार के विरूद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर दिया गया। इस मामले में आरोपी के विरूद्ध जांच प्रारंभ कर दी गई है।

हालांकि हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया है। दूसरी ओर मृतक नसीब सिंह लाठर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवक मूलरूप से हरियाणा के जींद का निवासी था। उसके परिजन को सूचना दे दी गई है। पुलिस द्वारा मामले को लेकर कहा गया कि दोनों युवकों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई जिसके बाद लाठर की हत्या हो गई।

पुलिस को दीवार पर खून के धब्बों जैसे निशान मिले हैं। इस मामले में फोरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा जांच की जा रही है। तो दूसरी ओर घटनास्थल पर बेसबाॅल के लिए उपयोग में आने वाली सामग्री मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुड़े हैं। हालांकि घटना के बाद आरोपी बाहर से दरवाजा बंद कर भाग गया था। भागने के लिए उसने मृतक की बाईक का उपयोग किया। 

Related News