लगातार भाजपा शासित राज्यों के दौरे कर रहे राहुल गांधी, आज असम और मणिपुर की यात्रा पर

गुवाहाटी: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता बनने के बाद लगातार एक्टिव मोड में नज़र आ रहे हैं। भाजपा शासित राज्यों में कोई भी मुद्दा होने पर वे तुरंत वहां पर पहुंचकर पीड़ित लोगों की सहानुभूति को कांग्रेस से जोड़ने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं। पहले वे यूपी के हाथरस गए थे, जिसके बाद अब बाढ़ पीड़ित असम और हिंसाग्रस्त मणिपुर में हैं। हालाँकि, राहुल गांधी पर सवाल भी उठे थे कि, वे जहरीली शराब से 70 लोगों की मौत वाले तमिलनाडु क्यों नहीं जाते, लगातार मॉब लिंचिंग और महिला अपराधों से पीड़ित बंगाल क्यों नहीं जाते, उनकी खुद की पार्टी शासित तेलंगाना में कांग्रेस नेताओं द्वारा जमीन पर कब्जा करने के कारण एक किसान ने आत्महत्या कर ली, उस पर भी राहुल मौन रहे। हालाँकि, ये तमाम राज्य कांग्रेस या फिर INDIA गठबंधन द्वारा शासित हैं और विपक्ष के नेता होने के नाते अभी राहुल गांधी केवल भाजपा शासित राज्यों पर फोकस कर रहे हैं, और वहां के मुद्दों को हवा देकर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसका लाभ पार्टी चुनावों में उठा सके।   

आज राहुल गांधी ने आज सोमवार को असम के कछार जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उसके बाद हिंसा प्रभावित मणिपुर का दौरा किया। वे सिलचर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर असम और मणिपुर के कांग्रेस नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी फुलेरताल गए और राहत शिविरों में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत की। लोकसभा में विपक्ष का नेता बनने के बाद राहुल गांधी पहली बार पूर्वोत्तर दौरे पर पहुंचे हैं। कांग्रेस नेताओं ने बताया है कि यह शिविर उस मार्ग पर है, जिससे राहुल गांधी मणिपुर के जिरीबाम जिले जाएंगे। उल्लेखनीय है कि, राहुल गांधी का असम दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब राज्य में कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भयंकर बाढ़ आई हुई है , जिससे भूस्खलन हो रहा है और नदियां उफान पर हैं। 28 जिलों के करीब 22.70 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

राहुल गांधी जिरीबाम से असम के सिलचर हवाई अड्डे से मणिपुर दौरे के अगले चरण के लिए इम्फाल के लिए उड़ान भरेंगे। पिछले साल 3 मई से मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा जारी है।  हालाँकि, अब ये देखना भी दिलचस्प होगा कि भाजपा शासित राज्यों के राहुल गांधी के ये चयनात्मक दौरे चुनावों में कांग्रेस को कितना लाभ दिला पाते हैं। 

पुतिन के साथ डिनर, भारतीय समुदाय के साथ चर्चा, आज रूस दौरे पर जा रहे पीएम मोदी

मुंबई में भारी बारिश के चलते कई ट्रेनें रद्द, स्कूलों में छुट्टी का ऐलान, सड़कें जलमग्न

कर्नाटक में भारी बारिश के बीच डेंगू के मामले 7,000 के पार, बैंगलोर सबसे ज्यादा प्रभावित

 

Related News