केरल समेत इन राज्यों में 9 अक्टूबर तक होगी-बारिश, IMD ने जारी किया नया अपडेट

नई दिल्ली: भारत के अधिकांश प्रदेशों से मॉनसून की विदाई हो चुकी है, जिससे कुछ क्षेत्रों में तापमान बढ़ने लगा है तथा लोग गर्मी एवं उमस से परेशान हैं। हालांकि, कुछ प्रदेशों में अब भी बारिश जारी है। मौसम विभाग ने 4 अक्टूबर को असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, रायलसीमा एवं गंगीय पश्चिम बंगाल में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में मॉनसून 2 अक्टूबर 2024 को आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है। तत्पश्चात, दिल्ली में गर्मी और उमस बढ़ने लगी है, और तापमान में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस पूरे हफ्ते दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और आंशिक रूप से बादल छाने के भी आसार हैं। IMD के अनुसार, इस हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों, यानी 9 अक्टूबर तक, पूर्वोत्तर भारत, केरल व माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज बारिश की संभावना जताई है।

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, बांग्लादेश, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अतिरिक्त, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, रायलसीमा, कर्नाटक, केरल एवं तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। झारखंड, पश्चिम बंगाल, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण एवं गोवा, लक्षद्वीप, पूर्वी उत्तर प्रदेश, दक्षिणी गुजरात, विदर्भ, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और लक्षद्वीप में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

स्काईमेट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम राजस्थान के शेष हिस्सों, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश एवं पूर्वी राजस्थान से वापस लौट चुका है। अगले 2 से 3 दिनों में पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात के बचे हिस्सों एवं महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों से भी मॉनसून की वापसी की संभावना है।

मराठी-बंगाली सहित इन 5 भाषाओं को मोदी सरकार ने दिया 'शास्त्रीय भाषा' का दर्जा

400 करोड़ के घोटाले में गिरफ्तार कांग्रेस MLA का बेटा खुला घूमता दिखा, मचा बवाल

'वायनाड त्रासदी में केंद्र ने मदद नहीं की..', केरल सीएम पिनाराई विजयन का आरोप

Related News