भोपाल : शुक्रवार की रात अचानक जेट एयरवेज की मुंबई से रायपुर होते हुए भोपाल आने वाली फ्लाइट कैंसिल हो गई। मुंबई जाने वाले करीब 90 यात्री उड़ान रद्द होने से निराश और परेशान हो गए। उन यात्रियों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्ता न करने के कारण यात्री और अधिक नाराज हो गए।
यात्रियों ने दो घंटे तक हंगामा मचाया। मुंबई-रायपुर-भोपाल मुंबई उड़ान रात 9 बजे भोपाल से मुंबई रवाना होती है। रात 8 बजे सभी यात्रियों को एसएमएस मिला कि रायपुर का मौसम खराब होने के कारण उड़ान को निरस्त किया जा रहा है। एसएमएस पाते ही फ्लाइट का इंतजार कर रहे यात्री भड़क उठे।
जेट का स्टाफ उन्हें समझाता रहा, लेकिन वो दूसरे इंतजाम की बात पर अड़े रहे। इसके बाद जेट एयरवेज ने यात्रियों को दो विकल्प दिए। पहला टिकट का पैसा वापस ले लें या फिर दूसरा कल की फ्लाइट से सफर करें। लेकिन यात्री कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे।
कुछ यात्रियों को मुंबई से कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ना था। बताया जा रहा है कि पहले यात्रियों को नाइट स्टे के लिए भी मना कर दिया गया था। दो घंटे तक हंगामा चलने के बाद यात्रियों को होटल में ठहराने का बंदोबस्त किया गया। अब शेष यात्री शनिवार सुबह की फ्लाइट से जाएंगे।
जेट एय़रवेज के सहायक प्रबंधक तरुण कुमार ने बताया कि रायपुर का मौसम खराब होने के कारण उड़ान मुंबई से नागपुर डाइवर्ट कर दी गई थी। हमने यात्रियों को नाइट स्टे दिया है। कुछ यात्रियों ने नाराजगी व्यक्त की थी, लेकिन हंगामे की बात सही नहीं है।