जेनेवा : पांच देशों की यात्रा पर निकले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को स्विटजरलैंड के राष्ट्रपति जोहान स्निडर अम्मानन से जेनेनवा में मुलाकात की। माना जा रहा है कि इस दौरान पीएम ने एनएसजी की सदस्यता के लिए स्विस राष्ट्रपति को मनाने का प्रयास किया। सूत्रों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने को लेकर बात हुई। साथ ही स्विट्जरलैंड में भारतीयों के कालाधन का पता लगाने के लिए उनसे सहयोग मांगा।
स्विटजरलैंड के लिए निकलने से पहले मोदी ने दोहा में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होने कहा कि पिछली सरकार में भ्रष्टाचार इतना अधिक व्याप्त था कि अर्थव्यवस्था डूबने लगी। बीते दो सालों में सूखा और कई पदा झेलने के बाद भी इकोनॉमिक में सुधार हुआ है। मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया में अर्थव्यवस्था की हालत खराब है, लेकिन भारत तरक्की पर है।
मोदी ने दोहा पहुंचकर भारतीय समुदाय को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान का विकास मोदी नहीं, बल्कि सवा सौ करोड़ लोगों की बदौलत हो रहा है। इसके लिए हर भारतीय थैंक्स का हकदार है। कतर में रहने वाले लोग एक पल भी भारत से अलग नहीं होते।
आबादी, रहन-सहन, बोलचाल इन सब मामलों में कतर की धरती पर भारत को जी रहे हैं। पूरे विश्व में भारत की छवि चमक रही है। भारत के प्रति पूरे विश्व का आकर्षण बढ़ा है। बीते दो सालों में सरकार की उपलब्धियों का गुनगान करते हुए मोदी ने कहा कि हमें इस भ्रष्टाचार रूपी दीमक से देश को आजादी दिलानी है।
भ्रष्टाचार की वजह से फर्जी राशन कार्ड बनाए जाते थे, रसोई गैस का कनेक्शन बंटता था। बीते दो सालों में यह सब बंद हो गया। 3 करोड़ से ज्यादा घरों को रसोई गैस का कनेक्शन दिया गया। छोटी-छोटी पहल से सरकार ने हर साल होने वाली 36 हजार करोड़ रुपये की चोरी बंद पर लगाम लगाई।