साओ पोलो : दुनिया के सबसे छोटे कपल के रुप में ब्राजील के एक जोड़े ने सगाई कर ली। बीते सप्ताह ही दोनों ने आठ साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद ब्राजील में सगाई कर ली। दोनों के कद को मिला दें तो दोनों की लंबाई 5 फुट 10 इंच है। 30 वर्षीय पाउलो गेब्रियल डे सिल्वा बारोस ने 27 साल की काट्युसिया होशिनो को शादी के लिए प्रपोज किया।
दोनों ने कुछ करीबी दोस्तों की मौजूदगी में ब्राजील के दक्षिण पूर्व में स्थित अपने गृहनगर इतुपेवा के एक रेस्तरां में सगाई की। पाउलो के इस प्रस्ताव को सही सुनिश्चित करने के बाद होशिनो ने इसे स्वीकार कर लिया।
सगाई के बाद होशिनो ने कहा कि वह एक दिन शादी के बंधन में बंधना चाहती थीं। फिर चाहें बच्चे हों या न हो, लेकिन वह केवल खुश रहना चाहती हैं। इस जोड़े को उम्मीद है कि इस शादी से उन्हें विश्व के सबसे छोटे कद के जोड़े के रूप में मान्यता मिलेगी।